राष्ट्रीय जागरण न्यूज
बैतूल : मंगलवार, मई 23, 2023
बैतूल-आज मध्य प्रदेश-डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जिला
पंचायत बैतूल के द्वारा स्व सहायता समूहों के साथ सघन रूप से कार्य किया जा रहा है। शासन की मंशानुरूप समय-समय पर चक्रिय राशि (आरएफ), सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) के रूप में अनुदान राशि दी जाती है ताकि स्व सहायता समूह अपनी आंतरिक जरूरतों को ऋण के माध्यम से राशि लेकर पूरा कर सके। अनेक स्व सहायता समूह सामुदायिक निवेश निधि की राशि से छोटी-छोटी आर्थिक गतिविधियां भी करती है जिससे की उनकी आय में वृद्धि होती है।
इसी क्रम में 23 मई को आमला, भीमपुर, भैंसदेही, आठनेर, घोडाडोंगरी, मुलताई, शाहपुर एवं चिचोली कुल 08 विकासखंडों को 752 स्व सहायता समूहों को एक करोड़ पचास लाख चालीस हजार रूपये की राशि चक्रिय राशि के रूप में एवं मुलताई, प्रभातपट्टन, शाहपुर, आठनेर, भैंसदेही, आमला एवं भीमपुर कुल 07 विकासखंडों के 18 संकुल स्तरीय संगठनों के माध्यम से 674 स्व सहायता समूहों को छ: करोड़ चौहत्तर लाख रूपये की राशि सामुदायिक निवेश निधि के रूप में जारी की गई है, जिससे स्व सहायता समूह समय पर राशि उपयोग कर अपनी आजीविका को समृद्ध कर सकते हैं।
इस प्रकार से कुल 1426 स्व सहायता समूहों को चक्रिय राशि एवं सामुदायिक निवेश निधि की राशि के रूप में आठ करोड़ चौबीस लाख चालीस हजार रूपये की राशि जारी की गई है।





