*ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव के अंतर्गत छात्रों द्वारा खरपतवार एवं कीटों का कलेक्शन*

सेज कृषि महाविद्यालय इंदौर के छात्रों ने ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव (RAWE) कार्यक्रम के अंतर्गत क्षेत्र में खरपतवार और कीटों का कलेक्शन अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य किसानों को उनकी फसलों में पाए जाने वाले हानिकारक खरपतवार और कीटों की पहचान करवाना और उनसे होने वाले नुकसान से बचाव के तरीकों पर जानकारी देना है।
छात्रों ने खेतों में जाकर विभिन्न प्रकार के कीट और खरपतवारों का संग्रह किया, जिससे उनका अध्ययन किया जा सके। इसके माध्यम से यह समझने में मदद मिलेगी कि किस प्रकार के कीट और खरपतवार फसलों को प्रभावित कर रहे हैं और उनके प्रभावी प्रबंधन के लिए कौन से उपाय अपनाए जा सकते हैं।

कीट प्रबंधन वैज्ञानिक ब्रजेश कुमार नामदेव ने बताया कि यह अनुभव छात्रों को कृषि से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के साथ ही उन्हें ग्रामीण जीवन और किसानों की चुनौतियों को समझने का अवसर भी देता है। छात्रों का कहना है कि इस अभियान से उन्हें कृषि क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं का सामना करने और उनके समाधान के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने में मदद मिलेगी।
यह अभियान अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा, जिसके अंतर्गत एकत्रित किए गए खरपतवार और कीटों का विश्लेषण कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके आधार पर किसानों को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि वे अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठा सकें।





