गोविंद नगर में विद्या भारती मध्यक्षेत्र की क्षेत्रीय कार्यकारिणी बैठक संपन्न, समाज परिवर्तन में विद्यालयों की भूमिका पर जोर

गोविंद नगर में आयोजित विद्या भारती मध्यक्षेत्र की क्षेत्रीय कार्यकारिणी बैठक में शिक्षा के माध्यम से समाज परिवर्तन के विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए मध्यक्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री माननीय श्री अखिलेश मिश्रा ने कहा कि विद्या भारती “पंच परिवर्तन” के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के कार्य में निरंतर सक्रिय है और इस दिशा में विद्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि विद्या भारती के विद्यालयों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, आचार्य, अभिभावक, समिति सदस्य तथा लाखों पूर्व छात्र समाज में परिवर्तन के वाहक बनकर कार्य कर रहे हैं। अपने आचरण और व्यवहार से वे स्वदेशी को बढ़ावा देने, नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता फैलाने तथा समाज में समरसता का वातावरण बनाने का कार्य कर रहे हैं।
अखिलेश मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण भी विद्या भारती के प्रमुख कार्यों में शामिल है। इसके अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर जागरण अभियान चलाए जा रहे हैं और हजारों स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भारत-केंद्रित नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन में सरस्वती शिशु मंदिर एवं विद्या मंदिर विद्यालय अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। इन संस्थानों के माध्यम से भारतीय अध्यात्म आधारित शिक्षा पद्धति को पुनर्स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों में संस्कार, राष्ट्रभावना और नैतिक मूल्यों का विकास हो सके।

बैठक के दौरान संगठन के कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं परिचय श्री प्रकाश चंद्र धनगर ने किया। मंचासीन अतिथियों का स्वागत श्री शिरोमणि दुबे और श्री रामजी भावसार द्वारा किया गया।
बैठक में क्षेत्र के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर सुझाव भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में समाज और शिक्षा के क्षेत्र में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।




