खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को किया जागरूक, संतुलित उर्वरक उपयोग एवं मृदा परीक्षण पर दिया जोर

बनखेड़ी तहसील के ग्राम झिरिया एवं दहलवाड़ा में भाऊसाहब भुस्कुटे स्मृति लोक न्यास द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्र गोविंदनगर के कृषि विशेषज्ञ डॉ. संजीव कुमार गर्ग एवं डॉ. देवीदास पटेल ने किसानों के बीच “खेत बचाओ अभियान” के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम के दौरान कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, फसल उत्पादन में वृद्धि तथा खेती की लागत कम करने के लिए संतुलित उर्वरकों के उपयोग का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि बिना मृदा परीक्षण के उर्वरकों का अंधाधुंध प्रयोग मिट्टी की उर्वरता को प्रभावित करता है तथा फसलों की उत्पादकता पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।

विशेषज्ञों ने किसानों से अपील की कि वे अपनी कृषि भूमि का नियमित मृदा परीक्षण कराएं तथा परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर ही उर्वरकों का प्रयोग करें। इससे फसलों को आवश्यक पोषक तत्व उचित मात्रा में प्राप्त होंगे, उत्पादन लागत में कमी आएगी तथा मिट्टी की सेहत भी लंबे समय तक बनी रहेगी।

कार्यक्रम में उपस्थित किसान बंधुओं ने मृदा परीक्षण एवं संतुलित पोषण प्रबंधन से संबंधित विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया तथा वैज्ञानिक सलाह के अनुसार खेती करने का संकल्प लिया। कृषि विज्ञान केंद्र गोविंदनगर द्वारा किसानों के हित में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे टिकाऊ एवं लाभकारी कृषि को बढ़ावा मिल सके।

Rahul Majhi
Author: Rahul Majhi

Buzz4Ai
[democracy id="1"]