सरस्वती ग्रामोदय विद्यालय गोविंदनगर में पंचपदी अधिगम प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन जन

*सरस्वती ग्रामोदय विद्यालय गोविंदनगर में पंचपदी अधिगम प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन

विद्या भारती मध्यभारत प्रान्त एवं मालवा प्रान्त के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला में चयनित प्राचार्यों एवं पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं को दिया जा रहा हैं पंचपदी शिक्षण का प्रशिक्षण

विद्या भारती मध्यभारत प्रान्त एवं मालवा प्रान्त के संयुक्त तत्वावधान में सरस्वती ग्रामोदय विद्यालय, गोविंदनगर में पंचपदी अधिगम प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्या भारती से संबद्ध विद्यालयों में शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, रुचिकर, गतिविधि आधारित एवं विद्यार्थी केंद्रित बनाना तथा पंचपदी शिक्षण पद्धति के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना रहा।
कार्यशाला में विद्या भारती अखिल भारतीय उपाध्यक्ष श्री डी. कृष्णराव ने मध्यभारत एवं मालवा प्रान्त के चयनित प्राचार्यों तथा पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं को पंचपदी शिक्षण पद्धति के मूलभूत सिद्धांतों एवं उसके व्यावहारिक पक्षों से विस्तारपूर्वक परिचित कराया। उन्होंने बताया कि पंचपदी अधिगम भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित ऐसी शिक्षण पद्धति है, जिसमें विद्यार्थी को केवल जानकारी प्रदान करना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि उसे विषय को समझने, अनुभव करने, आत्मसात करने और अपने व्यवहार में उतारने के लिए प्रेरित किया जाता है।

उन्होंने पंचपदी शिक्षण के विभिन्न चरणों की उपयोगिता समझाते हुए बताया कि प्रभावी शिक्षण के लिए शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक को विद्यार्थियों की रुचि, क्षमता एवं सीखने की प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए शिक्षण को सरल, सहज एवं अनुभवात्मक बनाना चाहिए। इस पद्धति के माध्यम से विद्यार्थी सक्रिय रूप से सीखने की प्रक्रिया में भाग लेते हैं तथा उनमें चिंतन, जिज्ञासा, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास का विकास होता है।


कार्यशाला में विद्या भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री गोविन्द महंत, मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री अखिलेश मिश्रा एवं क्षेत्रीय प्रशिक्षण प्रमुख श्री देवकीनंदन चौरसिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने शिक्षण की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, भारतीय शिक्षा दृष्टि के अनुरूप शैक्षिक गतिविधियों के संचालन तथा विद्यालयों में प्रशिक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन के महत्व पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस प्रशिक्षण कार्यशाला में प्राप्त मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण को दोनों प्रान्तों के विद्यालयों तक पहुंचाने और शिक्षकों के माध्यम से कक्षाओं में प्रभावी रूप से लागू करने पर विशेष बल दिया गया।
यह कार्यशाला विद्या भारती की शैक्षिक गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से प्रशिक्षित प्राचार्यों एवं पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन में विद्यालयों की शिक्षण प्रक्रिया को नई दिशा मिलेगी तथा विद्या भारती के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को पंचपदी अधिगम पद्धति का लाभ प्राप्त होगा। इससे विद्यार्थियों का ज्ञानात्मक, बौद्धिक, व्यावहारिक एवं नैतिक विकास सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

Rahul Majhi
Author: Rahul Majhi

Buzz4Ai
[democracy id="1"]

Recent Post